कुकदूर| ग्राम कुई- शाला स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय परिसर में योग व व्यायाम शाला का निर्माण किया गया है। शुक्रवार को व्यायाम शाला का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आरके धुर्वे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीए घनश्याम ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि आरके धुर्वे ने फीता काटकर योग व व्यायामशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग व व्यायाम आवश्यक है। यह व्यायामशाला विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के विकास में सहायक सिद्ध होगी। महाविद्यालय स्टाफ के सहयोग से स्थापित इस व्यायामशाला में विभिन्न आधुनिक व्यायाम उपकरणों की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं नियमित रूप से शारीरिक अभ्यास कर सकेंगे। योगाभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों में एकाग्रता बढ़ती है।


