नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा… 2,877 स्टूडेंट शामिल हुए:MCB में 11 एग्जाम सेंटर बनाए गए, छठवी में दाखिले के लिए परीक्षा

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह परीक्षा शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में आयोजित की गई, जिसमें कुल 2877 विद्यार्थी शामिल हुए। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 3570 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 2877 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जिससे लगभग 81 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के आयोजन के लिए कुल 11 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें भरतपुर विकासखंड में 4, खड़गवां विकासखंड में 4 और मनेंद्रगढ़ विकासखंड में 3 केंद्र शामिल थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा, अनुशासन और समय-प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे कोई अव्यवस्था नहीं हुई। यह चयन परीक्षा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुंठपुर में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए आयोजित की गई थी। बड़ी संख्या में पहुंचे बच्चे ठंड के मौसम के बावजूद, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को परीक्षा केंद्रों तक लेकर पहुंचे। अभिभावकों ने नवोदय विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्रणाली की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। इसी क्रम में कई अभिभावकों ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शीघ्र ही एक अलग जवाहर नवोदय विद्यालय स्थापित करने की मांग की। उनका तर्क था कि इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही जिले में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल सकेगी। जिले में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का आयोजन सफल और सुव्यवस्थित रहा, जो शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *