नशा करने के लिए ले गए युवक की संदिग्ध हालत में मौत, दो पर केस दर्ज

लुधियाना| मेहरबान इलाके में 32 वर्षीय उमेश वर्मा की नशे की ओवरडोज लेने से मौत हो गई। मृतक के पिता रविंदर कुमार की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार रविंदर कुमार मूल रूप से हरदोई (यूपी) के रहने वाले हैं और फिलहाल मेहरबान के वालिया विहार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा उमेश दो साल से नशे का आदी था, लेकिन परिवार इलाज करवा चुका था और उसने नशा छोड़ भी दिया था। 26 नवंबर की शाम करीब 5 बजे उमेश घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और रात करीब 10 बजे उमेश घर के पास खेतों में बेहोशी की हालत में मिला। रविंदर और उनका दामाद सोनू उसे तुरंत सीएमसी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि उनकी गली में रहने वाला प्रिंस उर्फ प्रिंस कुमार उमेश को जबरदस्ती अपने साथ ले गया था और उसे नशे की चीजें दीं। इसके अलावा प्रिंस की मां कमलेश रानी पर भी नशा बेचने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *