शहर की सड़कें ही आज-कल बार बन गई हैं। दुकान से शराब लेकर आस-पास में ही सड़क किनारे बैठकर शराब पीते हैं, फिर आपस में विवाद होने के बाद एक-दूसरे को देख लेने तक की धमकी देने लगते हैं। मामला इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि गोली तक चल जाती है। कोई हत्या कर फरार हो जाता है तो कोई हवाई फायरिंग कर खौफ पैदा करता है। पुलिस को जबतक जानकारी मिलती है, आरोपी वहां से फरार हो चुके होते हैं। हालांकि बाद में गोलीकांड में शामिल आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजती है, लेकिन ऐसी घटना की पुनरावृति ना हो, इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। दैनिक भास्कर ने सोमवार को शहर की प्रमुख शराब दुकान के बाहर जाकर पड़ताल की तो पता चला कि सड़क पर ही महफिल जमी है। शराब के नशे में लोग मदहोश हो रहे हैं, लेकिन पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। दिखावे के लिए पुलिस शराबियों को खदेड़ कर छोड़ देती है। कुछ दिनों बाद ही दोबारा वहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। पहले भी हुई हैं घटनाएं… 19 जुलाई 2024 : अरगोड़ा थाना क्षेत्र में फल मंडी के पास गांजा खरीदने पहुंचे अभिषेक सिंह की गोली मारकर हत्या। पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया था। इधर, पार्टी मनाने के बाद की थी हवाई फायरिंग, 3 से पूछताछ हरमू रोड स्थित शराब दुकान के पीछे खाली मैदान में रविवार को पार्टी करने के बाद युवकों ने हवाई फायरिंग की थी। पार्टी में शामिल तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा है। तीनों युवक चुटिया के रहने वाले हैं। हालांकि पकड़े गए युवक गोली चलाने वाले का नाम नहीं बता रहे हैं। इतना बताया है कि पार्टी में 8 दोस्त शामिल थे। पार्टी करने के बाद सभी वहां से निकले और सड़क पर फायरिंग की। सड़क किनारे शराब पी तो सख्त कार्रवाई 25 दिसंबर से ही अभियान चलाया जा रहा है। सड़क पर बैठकर शराब पीने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। कहीं पर भी सड़क किनारे बैठकर शराब पीते पाए गए तो पुलिस सख्ती करते हुए ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करेगी। – केवी. रमन, सिटी डीएसपी, रांची ऑक्सीजन पार्क के सामने सड़क पर नशा बेलगाम, पुलिस सबकुछ देख कर भी कार्रवाई नहीं करती 13 जुलाई 2024 : मोरहाबादी मैदान स्थित रजिस्ट्री अॉफिस के पास मैदान में नशा करने के बाद हुए विवाद में राजू उर्फ कतरनी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। सुजाता चौक : गोस्नर कॉलेज रोड में सुजाता चौक के पास शराब दुकान के बगल में ठेले पर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। ठेले से खाने का सामान लेकर सड़क किनारे ही बैठकर शराब का सेवन करते हैं, लेकिन उन्हें ना तो वहां दुकान लगाने वाले रोकते हैं आैर ना ही पेट्रोलिंग में तैनात पुलिसकर्मी। बेफिक्र होकर युवकों का हुजूम शराब का सेवन करता है। हरिहर सिंह रोड : मोरहाबादी से हरिहर सिंह रोड जाने वाले मोड़ के पास दुकान से शराब खरीदने के बाद लोग सड़क को ही बार बना देते हैं। सड़क के बगल में लगे ठेले से चखना खरीदने के बाद वहीं बैठकर शराब पीते हैं। फिर विवाद होने के बाद हंगामा होता है, अक्सर मारपीट तक पहुंच जाता है। मोरहाबादी मैदान: हाई सिक्यूरिटी जोन मोरहाबादी आैर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने का पुलिस दावा तो करती है, लेकिन वहां पेड़ के नीचे खुलेआम शराब पीते हुए युवकों का हुजूम दिख जाता है। पुलिस की गाड़ी भी लगातार पेट्रोलिंग करती है। पर नशेड़ियों के मन में कोई डर-भय नहीं दिखता। करमटोली चौक के पास से शराब खरीदने के बाद सड़क किनारे ही बैठकर पी। इस दौरान लगातार वहां से लोगों का आना-जाना होता रहा। नशे की हालत में झूमते व्यक्ति को देखकर आने-जाने वाले लोग असहज महसूस कर रहे थे और खुद को बचाते हुए निकल गए।


