हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी सह एसपी डॉ. अरशद अली के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 15 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त चूरा और एक देसी पिस्तौल बरामद की है। पल्लू थाना पुलिस को पहली सफलता तब मिली जब गश्त के दौरान मेगा हाईवे स्थित रामदेव होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा कर जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी को पकड़ा, जो सुरेवाला, टिब्बी का रहने वाला है। उसके पास से 15 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई में गोगामेड़ी पुलिस और डीएसटी सेक्टर टीम नोहर ने संयुक्त अभियान में कणाऊ निवासी मुकेश कुमार को एक देसी पिस्तौल (0.32 बोर) और खाली मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के विशेष अभियान के तहत पिछले 9 दिनों में ही 22 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 114.78 ग्राम हेरोइन, करीब 100 किलो डोडा पोस्त, 1.3 किलो अफीम, 260 ग्राम गांजा और 39 हजार 600 रुपए की नशे की बिक्री से प्राप्त राशि जब्त की गई है। पुलिस ने कुल 35 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 10 वांछित अपराधी भी शामिल हैं।


