जयपुर क्लब ने सदस्यों को दिया नए साल का तोहफा:बॉक्स क्रिकेट एरिना और ऑल वैदर स्विमिंग पूल का होगा उद्घाटन, होंगे कई प्रोग्राम

जयपुर क्लब ने नए साल की शुरुआत अपने सदस्यों और खेल प्रेमियों के लिए विशेष तोहफे के साथ की है। क्लब की वर्तमान मैनेजमेंट कमेटी ने क्लब के परिसर में नव निर्मित बॉक्स क्रिकेट एरिना और द्वितीय तल पर आधुनिक ऑल वैदर स्विमिंग पूल को समर्पित किया। इन अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन सोमवार, 13 जनवरी को शाम 6:30 बजे क्लब के अध्यक्ष मनोज बिरला और सचिव विशाल कौशल द्वारा किया जाएगा। खेल सचिव डॉ. साकेत माथुर ने बताया जयपुर क्लब, जो हमेशा खेल और फिटनेस के प्रति समर्पित रहा है, ने इस नए साल में खेल प्रेमियों के लिए विशेष आयोजन और सुविधाओं की पेशकश की है। डॉ. साकेत माथुर ने बताया कि इन नव निर्मित सुविधाओं का उद्देश्य सदस्यों और उनके परिवारों को बेहतरीन खेल अनुभव प्रदान करना है। नव निर्मित बॉक्स क्रिकेट एरिना यह आधुनिकतम सुविधाओं से लैस है और क्रिकेट प्रेमियों को खेलने के लिए एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा। क्लब इसे न केवल सदस्यों बल्कि जयपुर के अन्य क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी मामूली शुल्क पर उपलब्ध कराएगा। साथ ही इसमें नियमित कोचिंग की सुविधा भी दी जाएगी ताकि उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिल सके। ऑल वैदर स्विमिंग पूल क्लब की नव निर्मित बिल्डिंग के द्वितीय तल पर स्थित इस स्विमिंग पूल की खासियत यह है कि इसमें हर मौसम में पानी का तापमान मेंटेन रहेगा। खासतौर पर सर्दियों में भी सदस्य इसमें तैराकी का आनंद ले सकेंगे। डॉ. साकेत माथुर ने बताया कि जयपुर क्लब ने हमेशा से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया है। हाल ही में संपन्न हुए स्पोर्ट्स कार्निवल में पारंपरिक और विलुप्त होते जा रहे खेलों जैसे सितोलिया, खो-खो, लंगड़ी टांग और पेलदूज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सदस्यों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां तक कि बुजुर्ग सदस्यों ने भी इन खेलों का आनंद लिया और अपनी बचपन की यादें ताजा कीं। इस नए बॉक्स क्रिकेट जोन में 13 जनवरी को एक फ्रेंडली मैच का आयोजन किया जाएगा, जो क्लब के सदस्यों के उत्साह को और बढ़ाएगा। यह आयोजन क्लब के खेल के प्रति समर्पण और खेल प्रेमियों के लिए एक शानदार मंच प्रदान करने का प्रतीक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *