उज्जैन के नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक को इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसकी जान चली गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा होने के बाद पुलिस ने केंद्र संचालक समेत छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला उज्जैन के मंगलनाथ रोड स्थित नव मानस नशा मुक्ति केंद्र का है। यहां शंकरपुर निवासी 41 वर्षीय हरीश निर्मल को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 12-13 दिसंबर की दरमियानी रात स्टाफ ने परिजन को फोन कर हरीश की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। कहा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक हरीश की मौत हो चुकी थी। दूसरे दिन सुबह वे शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले आए। इस दौरान शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पिटाई से अंदरूनी अंग डैमेज
पुलिस ने हरीश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। गुरुवार को आई रिपोर्ट में हरीश के ट्रीटमेंट में थर्ड डिग्री टॉर्चर की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, पिटाई से उसके अंदरूनी अंग डैमेज हो गए थे। आंतरिक रक्तस्राव से उसकी मौत हुई थी। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में स्वीकार की मारपीट की बात
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि हरीश को जबरदस्ती दवा पिलाई जा रही थी। केंद्र संचालक उमेश वैष्णव ने एक कर्मचारी, दो गार्ड और वहां भर्ती दो अन्य मरीजों को मदद के लिए लगाया था। चार लोगों ने हरीश के हाथ-पैर कसकर पकड़ रखे थे, जबकि एक व्यक्ति घुटने के बल उसके पेट और छाती पर बैठा था। इस दौरान एक अन्य आरोपी बीच-बीच में हरीश को डंडे से मार रहा था। घुटने के दबाव से हरीश का लीवर फट गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गार्ड और दो सहयोगी मरीजों ने अपने बयान में यह बात स्वीकार ली। दो गार्ड और दो मरीज हिरासत में, संचालक फरार
वारदात के खुलासे के कुछ ही घंटों बाद नशा मुक्ति केंद्र के गार्ड कमलेश राव और चंद्रशेखर फड़के, जबरदस्ती दवा पिलाने में सहयोग करने वाले मरीज कपिल वर्मा और शुभम चौहान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि उमेश वैष्णव और एक अन्य फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ये खबर भी पढे़ं… नशा मुक्ति केंद्र में बैंक अफसर की मौत, परिजन बोले- पीट-पीटकर मार डाला ग्वालियर में पंजाब नेशनल बैंक के फील्ड ऑफिसर पंकज शर्मा की मिनी गोल्डन संस्कार नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र में पंकज को रात भर हाथ-पैर बांधकर पीटा गया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढे़ं पूरी खबर…


