भास्कर न्यूज| चाईबासा सदर अस्पताल में बुधवार को निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ राज्य सरकार के जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 26 जून तक चलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो कुमार मांझी ने की। उन्होंने उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा के साथ हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में सहिया और प्रशिक्षु एएनएम कॉलेज की छात्राएं शामिल हुईं। सिविल सर्जन ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। इससे मानसिक और शारीरिक समस्याएं होती हैं। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ सभी को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। नशामुक्त जिला और राज्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाना है। साथ ही नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की शुरुआत में सिविल सर्जन ने सभी को नशा से दूर रहने की शपथ दिलाई। इससे पहले मास्टर ट्रेनर बिरेन उरांव ने सदर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशिक्षु एएनएम के बीच जागरूकता कार्यक्रम सह प्रशिक्षण आयोजित किया। मौके पर जस्टिन अनूप, सामाजिक कार्यकर्ता एनसीडी, हरी शंकर, डीपीए, सुश्री प्रीती तिर्की, डीपीसी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।


