नशेड़ी मैनेजर ने बीमार किसान को दीं गालियां

भास्कर न्यूज | रामानुजनगर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रामानुजनगर में बैंक प्रबंधक ने बीमार खाताधारक के साथ दुर्व्यवहार किया। शराब के नशे में मैनेजर ने न केवल किसान को अपमानित किया, बल्कि मारपीट पर भी उतारू हो गए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बैंक के संभागीय उपाध्यक्ष ने प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सुमेरपुर निवासी राजाराम यादव का स्वास्थ्य खराब था। वे डॉक्टर की पर्ची लेकर अपनी ही जमा पूंजी से मात्र 1500 रुपए निकालने बैंक पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बैंक में किसानों की भीड़ थी, लेकिन मैनेजर अपने चेंबर में काम करने के बजाय नशे की हालत में एक कोने में सोए हुए थे। जब पीड़ित किसान उनके पास पहुंचा, तो मैनेजर ने आपा खो दिया और उन पर भद्दी गालियों की बौछार कर दी। इस घटना की सूचना मिलते ही जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के वाइस चेयरमैन जगदीश साहू तत्काल बैंक पहुंचे। उनके आने की भनक लगते ही आरोपी मैनेजर बैंक छोड़कर फरार हो गया। उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद किसानों की शिकायतें सुनीं और बैंक की अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल बैंक के सीईओ से फोन पर चर्चा कर प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की अनुशंसा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *