नशे और रफ्तार का कॉकटेल:ढाबे पर पी शराब, फिर बस तेज दौड़ाई; खंती में गिरी, 20 घायल

ग्वालियर से बिलौआ होते हुए शुक्लहारी जा रही एक निजी बस शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे घोघा तिराहा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार से बस चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क से उतरकर करीब 10 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। बस क्रमांक एमपी 07 पी 0765 का चालक गिर्राज राणा हादसे के बाद बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। यात्रियों ने बताया कि चालक बिलौआ से निकलने के बाद ग्राम पठा के एक ढाबे पर रुका था, जहां उसने अन्य लोगों के साथ शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में बस की स्टेयरिंग संभाल ली। यात्रियों ने उसे बार-बार तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की समझाइश दी, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराहट में खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 9 गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया। थाना प्रभारी पिछोर शिवम सिंह राजावत ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है और मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *