भोपाल में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए भोपाल की सिंधी सेंट्रल पंचायत ने एक बड़ा कदम उठाया है। पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिसमें युवा इन्फ्लूएंसर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अभियान के तहत युवा महिलाएं और पुरुष मोहल्ला स्तर पर बैठकें आयोजित करेंगे। पंचायत ने शहर में बढ़ते हुक्का बार और शादियों में होने वाली कॉकटेल पार्टियों पर चिंता जताते हुए सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 9 फरवरी को नानक टेकरी स्थित सिंधी कम्युनिटी हॉल में एक विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में मनोवैज्ञानिक और चिकित्सक नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। 30 मार्च से शुरू होने वाले हिंदू नववर्ष पर भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस चेटीचंद के अवसर पर निकलने वाली झांकियों की थीम भी नशे के विरुद्ध जागरूकता होगी। इस दौरान युवा “नशा है, जीवन की दुर्दशा” लिखी टी-शर्ट पहनकर मोटरसाइकिल रैली निकालेंगे। पंचायत अध्यक्ष किशोर तनवानी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पंचायत के मुख्य सलाहकार विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव भगवानदेव ईसरानी, महासचिव हरीश नागदेव, उपाध्यक्ष डी.डी. मेंघानी, मोहन लालवानी, महेश बजाजा, प्रदीप आर्तवानी, शंकर सचदेव और सहकारी साख समिति के अध्यक्ष बलदेव खेमानी सहित बड़ी संख्या में महिला समाजसेवी उपस्थित थे।


