लुधियाना| लोहारा स्थित राजा कॉलोनी में एक व्यक्ति पर शराब के नशे में 8 महीने की गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। डाबा थाना क्षेत्र में हुई घरेलू हिंसा के मामले में आरोपी ने ससुराल पक्ष को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि पत्नी की मौत बीमारी से हुई है, लेकिन शव पर मिले गहरे चोटों के निशानों ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी। मृतका की पहचान 38 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है। पति अजय कुमार, नगर निगम में अस्थायी मुलाजिम है। वह शराब पीने के बाद अक्सर उससे मारपीट करता था। पहले भी कई बार पंचायतों में आरोपी माफी मांग चुका है। जानकारी अनुसार मंगलवार को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पुष्पा के साथ बेरहमी से मारपीट की कि उसकी हालत गंभीर हो गई। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मायके वालों के सूचित करने पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। थाना डाबा की पुलिस ने जांच के बाद मामला हत्या का पाया और आरोपी अजय कुमार को देर रात गिरफ्तार कर लिया।


