देहात पुलिस ने नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई गई हेरोइन की बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस जिला लुधियाना देहाती के एसएसपी डॉ अंकुर गुप्ता का दावा है कि जिले में ये आज तक की सबसे बड़ी हेरोइन की रिकवरी है। पकड़ी गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18 करोड़ है। एसएसपी डॉ अंकुर गुप्ता ने बताया कि सीआईए स्टाफ जगराओं की टीम ने गुरुसर काउंके के पास नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो सवार तीन तस्करों के कब्जे से 3 किलो 72 ग्राम हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ रोमी निवासी जनता नगर, लुधियाना,पवन कुमार निवासी अजीत नगर, लुधियाना और बचिंतर सिंह निवासी गांव आसल, जिला फिरोजपुर के तौर पर हुई है। पुलिस ने आज मंगलवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। अमनदीप मामले का मास्टरमाइंड बताया जाता है। अमन पर नशा तस्करी व असलाह एक्ट के 14 केस दर्ज हैं।


