भास्कर संवाददाता । झुंडपुरा अंबाह ब्रांच कैनाल में डूबे युवक का शव करीब 40 घंटे बाद गुरुवार सुबह बरामद किया गया। शव डोंगरपुर नहर पुलिया से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर डोंगरपुर पुलिया और लाडपुरा के बीच मिला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस कैलारस भेज दिया गया। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। सबलगढ़-झुंडपुरा मार्ग पर डोंगरपुर नहर पुलिया के पास रहने वाला राममूर्ति जाटव उर्फ रामरतन जाटव (40) अचानक पैर फिसलने से नहर में गिर गया। उस समय नहर में पानी अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण युवक डूब गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद नहर का पानी बंद कराया और युवक की तलाश शुरू की गई। बुधवार सुबह से एसडीईआरएफ टीम और राजस्व विभाग की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शाम करीब 6 बजे अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद किया। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए कैलारस भेजा गया है।


