भास्कर न्यूज | कोरबा सर्वमंगला-कनबेरी के बीच नहर बायपास पर तेज रफ्तार में वाहनों के चलने की वजह से 24 घंटे के भीतर 2 जगह पर मालवाहकों के बीच टक्कर हुई। केबिन क्षतिग्रस्त होने से दो वाहन के चालक घायल हो गए, जिन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। नहर बाइपास मार्ग पर सड़क पर मालवाहकों की बेतरतीब पार्किंग और वाहनों के तेज रफ्तार में गुजरने के कारण अक्सर हादसे होते हैं। रविवार रात 10 बजे मार्ग पर सोनपुरी पुल के पास कुसमुंडा से उरगा की ओर जा रहा कोयला लोड ट्रेलर सड़क पर ब्रेक डाउन खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में दुर्घटनाकारित ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त होने से अंदर चालक घायल होने के साथ ही फंस गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना सर्वमंगला पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। उक्त घटना के चंद घंटे बाद सोमवार सुबह 8 बजे उक्त बायपास पर कनबेरी के पास राखड़ परिवहन कर रहे हाइवा और डीजल टैंकर के बीच आमने सामने की टक्कर हो गई। ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त होने से उसका चालक भी घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घायल चालक को मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला। वहीं एक्सीवेटर के माध्यम से टैंकर को हटाया। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी के मुताबिक दोनों दुर्घटना में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले दोनों ट्रेलर के चालक घायल हुए हैं, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें से एक की स्थिति हालत गंभीर है।


