भास्कर न्यूज | जांजगीर नहरिया बाबा मंदिर के पास से होकर गुजरी हसदेव नहर में शनिवार की सुबह एक युवक की लाश मिली। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस नहाने के समय पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जता रही है। शव को जिला अस्पताल की मरच्यूरी में रखा गया है। मृतक युवक की पहचान के लिए फोटो जिले के सभी थाना क्षेत्र में भेजा गया है। घटना नैला पुलिस चौकी क्षेत्र की है। नैला चौकी उप थाना प्रभारी राकेश सूर्यवंशी ने बताया कि शनिवार को नहर में नहाने गए लोगों ने नहरिया बाबा मंदिर के पास बने फाल पुल के पास शव को पानी में देखा। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला गया। आशंका है कि नहर में नहाने के दौरान पैर फिसला गया होगा और नहर में गिरने से उसकी पानी में डूबने से मौत हुई होगी। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। शव ज्यादा खराब नहीं हुआ है। मृतक ने केवल अंडर वेयर ही पहना हुआ है। मृतक युवक की पहचान के लिए फोटो सभी थाना क्षेत्र को भेजा गया है, ताकि उसकी पहचान हो सके। फिलहाल शव को मरच्यूरी में रखा गया है। 48 घंटों तक मृतक की पहचान होने तक रखा जाएगा। पहचान नहीं होने पर पीएम कराकर पुलिस टीम के द्वारा अंतिम संस्कार किया जाएगा।


