लुधियाना| फिरोजपुर रोड पर वेरका मिल्क प्लांट के पास वीरवार सुबह नहर में एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। यह चोट पानी में गिरने की वजह से लगी या किसी हथियार से, इस बारे में पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल थाना सराभा नगर की पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल मोर्चरी में रखवाया है। एएसआई गुरमीत सिंह के मुताबिक वीरवार किसी राहगीर ने उन्हें नहर में शव पड़ा होने की सूचना दी। जिस पर वह मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाया। गुरमीत सिंह का कहना है कि पहचान न होने की सूरत में पुलिस 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार करवाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सिर की चोट के बारे में स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान के लिए विभिन्न थानों की पुलिस को भी सूचना भेज दी गई है।


