एसी मैकेनिक बन सीएमसी अस्पताल आया चोर, डॉक्टरों के लैपटॉप, कैश व अन्य सामान ले गया

भास्कर न्यूज | लुधियाना एसी मैकेनिक बन आया चोर सीएमसी अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों के हॉस्टल में दाखिल हुआ। उसने हॉस्टल की रिसेप्शन पर गलत नाम पता लिखवाया और अंदर घुस गया। वहां 2 कमरों में से उसने 2 डॉक्टरों के लैपटॉप, टैब, रुपए व अन्य सामान चोरी कर लिए। आरोपी कार में आया था और उसने अस्पताल की पार्किंग में कार खड़ी की थी। इसके बाद वह कार में फरार हो गया। थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने वहां हॉस्टल व इसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने यह मामला रोहित वर्गीस की शिकायत पर दर्ज किया । रोहित का कहना है कि वह डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि 19 अप्रैल को वह और उसका दोस्त जोमी जोसफ क्लास अटैंड करने के लिए गए। जब वह वापस आए तो उनके कमरे से उसका लैपटॉप, चार्जर, एप्पल कंपनी का आई पैड, 3 हजार रुपए कैश, उसके दोस्त जोमी का लैपटॉप व वर्गीस गायब था। उसने इस बारे में पहले हॉस्टल के वार्डन व अन्यों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो पता चला कि एसी मैकेनिक बनकर आए आरोपी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी कार में आया था। उसके साथ एक और व्यक्ति भी मौजूद था। उसने कार पार्किंग में खड़ी की और हॉस्टल में चला गया। जबकि उसका साथी कार में ही बैठा रहा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान लगाने का प्रयास कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *