नहीं मिला सुसाइड नोट, डिप्रेशन का शिकार था:इंजीनियरिंग कॉलेज बड़ल्या के टेक्निकल असिस्टेंट ने फांसी लगाई

क्राइम रिपोर्टर| अजमेर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बड़ल्या में टेक्निकल असिस्टेंट जेपी नगर निवासी अनुज भटनागर ने बुधवार सुबह अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे फंदे से उतार कर अचेत हालत में जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने अस्पताल में जानकारी दी कि अनुज अचानक तबीयत बिगड़ने से अचेत हो गया, लेकिन गले पर फंदे के निशान देखकर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचित किया। अलवर गेट थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस के अनुसार मृतक का सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन ने पुलिस को दी तहरीर में मौत का कारण अचानक तबीयत खराब होना बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनुज के परिवार में दो बहनें हैं। अनुज और उसकी बहनें अविवाहित हैं। सुबह करीब आठ बजे अनुज कॉलेज जाने के लिए तैयार हो रहा था। इस दौरान आए एक फोन कॉल को अटेंड करने के बाद उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। अनुज के परिजन ने उसे फंदे से उतारा तब तक वह अचेत हो चुका था। पिता व मां के निधन के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति: अनुज के पिता के निधन के बाद उसकी मां को कॉलेज में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति मिली थी, लेकिन कोरोना काल में मां का भी निधन हो गया। मां की जगह अनुज को तीन साल पहले अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति मिली थी। कॉलेज के कर्मचारियों के अनुसार अनुज एकांत प्रिय था। वह किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं करता था। माना जा रहा है कि वह डिप्रेशन में था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *