नाकाबंदी तोड़ भागा शराब तस्कर, 20KM पीछा कर दबोचा:पिकअप का टायर पंक्चर हुआ तो पकड़ा गया, 148 पेटी शराब जब्त

बांसवाड़ा जिले की डीएसटी और पाटन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक पिकअप को जब्त किया है। तस्कर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी को वापस मध्य प्रदेश की ओर भगाने लगा, लेकिन करीब 20 किलोमीटर तक चले फिल्मी पीछा के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पाटन थानाधिकारी सूरजमल खराड़ी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से अवैध शराब की बड़ी खेप राजस्थान लाई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डीएसटी प्रभारी एएसआई विवेकभान सिंह की टीम ने छोटी सरवन इलाके में नाकाबंदी कर दी। पुलिस को देखकर भागा तस्कर, बॉर्डर तक पीछा रात के समय एक संदिग्ध पिकअप आती दिखी। पुलिस ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ दी और पिकअप को घुमाकर एमपी सीमा की ओर तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। करीब 15 से 20 किलोमीटर तक चले इस पीछा के दौरान बॉर्डर के पास अचानक पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। गाड़ी छोड़ भागा आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा टायर पंक्चर होते ही आरोपी पिकअप छोड़कर पैदल भागने लगा। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। 148 पेटी अवैध शराब बरामद पुलिस ने मौके से आरोपी मका पुत्र लाला गणावा निवासी खेरीपाड़ा, पाटन को गिरफ्तार किया है। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें से मध्य प्रदेश निर्मित शराब की कुल 148 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 120 पेटी बीयर, 28 पेटी देसी शराब शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *