नाकेबंदी में फंसे एमपी के दो तस्कर, 11 किलो गांजा बरामद

भास्कर न्यूज | कवर्धा चिल्फी पुलिस ने शुक्रवार को दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10.940 किलोग्राम गांजा, एक टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त किए हैं। बरामद सामान की कीमत 1.70 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी शाहिद शा (34) निवासी नरसिंहपुर (मप्र) और मोनिश खान (21) निवासी छिंदवाड़ा (मप्र) हैं। पुलिस को 6 फरवरी को सूचना मिली थी कि दो लोग काले-नीले रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल से जबलपुर (मप्र) की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी चिल्फी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर और थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाइवे-30 आबकारी चेक पोस्ट पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ की। तलाशी में हरे रंग के बैग से दो पैकेट में टेप से लिपटा 10.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। न्यायिक हिरासत में भेजा चिल्फी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (ii) (ख) के तहत एफआईआर दर्ज किया है। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *