छिंदवाड़ा के लोग इलाज या अन्य कार्यों से अक्सर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर जिले का रुख करते हैं, लेकिन अब वहां जाने वाले लोगों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की जरूरत है। ट्रैफिक चालान के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें छिंदवाड़ा के एक युवक से ढाई लाख रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित की पहचान मनजीत सिंह बेदी के रूप में हुई है, जो 17 जनवरी को अपनी मां के उपचार के लिए नागपुर गए हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि उनकी गाड़ी के टायर में ट्रैफिक पुलिस की ओर से जेमर (व्हील लॉक) लगाया गया है और इसे हटवाने के लिए जुर्माना भरना होगा। मैसेज के साथ एक लिंक भी भेजी गई थी। ड्राइवर से की बात, गाड़ी में दिखा जेमर मैसेज मिलने के बाद मनजीत बेदी ने अपने ड्राइवर से संपर्क किया, तो उसने बताया कि कार के टायर में वास्तव में जेमर लगा हुआ है। इसके बाद मनजीत बेदी ने मैसेज में भेजी गई लिंक के जरिए जुर्माना भरने की कोशिश की। लिंक क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से चार बार में कुल 2.5 लाख रुपए निकाल लिए गए। पहले 1.5 लाख रुपए, फिर 50 हजार रुपए, और इसके बाद 25-25 हजार रुपए निकालकर पूरा खाता खाली कर दिया गया। झारखंड के खाते में ट्रांसफर हुई रकम पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। छिंदवाड़ा लौटकर उन्होंने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके खाते से 50 हजार रुपए झारखंड के एक बैंक खाते में ट्रांसफर हुए हैं। साइबर पुलिस जांच में जुटी 20 जनवरी को पीड़ित ने छिंदवाड़ा पहुंचकर शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर पुलिस की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक डिटेल्स हासिल की गई और रकम उड़ाई गई।


