जालंधर | गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, रीजनल कैंपस में एनएसएस विंग की ओर से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान कैंपस के अलग-अलग विभागों के 50 से ज़्यादा छात्रों ने लोकतंत्र का अर्थ, एक नागरिक के कर्तव्य, आज़ादी के बाद से भारत की प्रगति, राष्ट्रीय एकता जैसे अलग अलग विषयों पर पोस्टर बनाए। इस प्रतियोगिता में जपजीत कौर ने पहला, हरवीर कौर ने दूसरा और कोमलप्रीत कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके गणतंत्र दिवस के महत्व के बारे में बताते हुए एसोसिएट डीन प्रो. बूटा सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस सिर्फ़ जश्न का दिन नहीं बल्कि भारतीय संविधान में निहित मूल्यों और सिद्धांतों की याद दिलाता है। उन्होंने लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता और समानता के अर्थ पर भी ज़ोर दिया। प्रोग्राम अफसर डॉ. चरण कमल वालिया ने प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को बधाई दी और छात्रों को ज़िम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।


