सतना जिले के नागौद कस्बे में नगर परिषद कर्मचारियों द्वारा गाय के मृत शरीर के साथ कचरा डालने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में नगर परिषद की ट्रॉली में रखे गौवंश के शव पर सफाई कर्मचारी कचरा फेंकते दिख रहे हैं। घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। घटना को लेकर नागौद के निवासी कमल सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने ट्रॉली में गाय का शव देखा, तो लगा कि नगर परिषद उसे सम्मान के साथ उठाएगी। लेकिन कर्मचारियों को उसी शव पर कचरा डालते देख वे हैरान रह गए। कमल सिंह ने कहा, “गौ माता हमारी आस्था का प्रतीक हैं, यह हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला काम है।” मामला सामने आने के बाद नागौद नगर परिषद के सीएमओ शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही संबंधित सफाई कर्मियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए भी निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मृत गौवंश का सम्मानपूर्वक अंतिम निपटान किया जाए। नगर परिषद ने आश्वासन दिया है कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि शहरवासियों की भावनाओं को आघात न पहुंचे।


