नागौर जिले में गोटन कस्बे के खेलप्रेमी युवाओं ने खेल मैदान को यथावत रखने की मांग को लेकर रैली निकाली और विरोध जताया। गोटन कस्बे के व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखकर युवाओं की मांग को समर्थन दिया। गोटन के खेल मैदान की जगह नवसृजित कॉलेज भवन निर्माण के चलते दूसरी जगह खेल मैदान आवंटित किया जा रहा है। गोटन कस्बे के खेल मैदान के लिए भूमि का दूसरी जगह आवंटन करने बाद युवा खेल मैदान को यथावत पुरानी जगह रखने की मांग कर रहे हैं। युवाओं ने विरोध जताने के लिए विभिन्न टूर्नामेंट की जीती हुई ट्रॉफी लेकर पुराने खेल मैदान में पहुंचे और जमीन ट्रांसफर का विरोध जताया। गोटन सरपंच भंवरलाल जमेरिया के नेतृत्व में युवाओं ने विरोध रैली निकाली। रैली हरसोलाव चौराहा से मुख्य बाजार होते हुए सदर बाजार के श्रीराम चौक पर पहुंची। युवाओं ने श्रीराम चौक पर सांकेतिक धरना दिया। मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने श्रीराम चौक पहुंचकर युवाओं व ग्रामीणों से वार्ता की। विधायक कलरू ने कहा कि कॉलेज निर्माण कस्बे के स्टूडेंट्स के लिए हो रहा है। जनभावना का पूरा सम्मान किया जाएगा, इसके लिए कस्बे वालों की कमेटी जो निर्णय करेगी, उसी अनुसार काम होगा। विधायक कलरू ने मेड़ता एसडीएम को विरोध के घटनाक्रम की पूरी जानकारी देते हुए कॉलेज भवन का निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों व युवा खिलाड़ियों ने विधायक कलरू का आभार जताया।


