नागौर पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थ के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कामयाबी हासिल की है। ऑपरेशन नीलकंठ के 2 महीने पूरे होने पर नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं, 3 जिलों में नशे के व्यापार में लिप्त वांटेड आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा है। 25 मुकदमे दर्ज, 31 आरोपी गिरफ्तार नागौर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया – नागौर जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए 5 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 25 मुकदमे दर्ज कर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुराने मामलों में वांटेड चल रहे 18 अपराधियों को भी पकड़ा गया। 3.25 करोड़ का नशा बरामद SP मृदुल कच्छावा ने बताया – अभियान के दौरान अब तक 3 करोड़ 25 लाख 69 हजार 370 रुपए की कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसमें 1869.55 किलो डोडापोस्त, 7.19 किलो अफीम, 12.92 ग्राम एमडीएमए, 37.41 ग्राम स्मैक और 199 ग्राम गांजा शामिल हैं। नशे की कमाई पर भी कार्रवाई एसपी कच्छावा ने बताया कि नशे के धंधे से कमाई गई अपराधियों की संपत्ति पर भी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में हैडक्वार्टर एएसपी सुमित कुमार, सभी सर्किल डीएसपी, थानाधिकारी, डीएसटी और क्यूआरटी की टीमें शामिल रही। वांटेड आरोपी पकड़ा, 35 लाख की अफीम बरामद बीती रात सदर थाना पुलिस ने गोगानाडा के पास बाराणी गांव में दबिश दी। यहां एक घर में स्टील की केतलियों में छिपाकर रखी अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके से आरोपी गोविंद राम को गिरफ्तार किया। वह 3 जिलों में नशे के व्यापार से जुड़े मामलों में वांटेड था। उसके कब्जे से 7 किलो 24 ग्राम अफीम मिली, जिसकी कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है।


