नागौर शहर में राहगीरों को परेशान करने वाले बदमाशों पर कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को रास्ता रोककर मारपीट और अवैध वसूली की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस अधीक्षक मूदुल कच्छावा के निर्देश पर कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाल वेदपाल शिवरान ने किया। सभी 10 युवकों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशकर जेल भेज दिया गया। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि 25 सितंबर को कोतवाली पुलिस थाना की टीम को गश्त के दौरान खत्रीपुरा स्कूल के पास एक इनोवा कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पर सवार 8 बदमाश हुड़दंग मचाते नजर आए। पुलिस ने तीनों गाड़ी सवारों को रोका तो वो ढंग से उचित जवाब नहीं दे पाए और नशा करने के लिए आए होने की बात कही। पुलिस ने मौके से ही आठाें युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल वेदपाल शिवरान ने बताया कि पुलिस ने ताऊसर निवासी पंकज लुहार, दड़ा मोहल्ला निवासी वसीम पिंजारा, ताऊसर निवासी तेजसिंह और राजपाल सिंह, ब्रह्मपुरी निवासी श्याम सुंदर साद और अश्विनी कुमार, हिंगोनिया निवासी भागीरथ जाट, रामदेव कॉलोनी निवासी कानाराम जाट को गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई में नया दरवाजा इलाके में संदिग्ध रूप से घूमते हुए तेलीवाड़ा निवासी अरूण कुमार और इंदिरा कॉलोनी निवासी सूरज वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है।


