त्यौहारों के मौके पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने उदयपुर सिटी से आसनसोल के बीच सीधी रेलसेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इस ट्रेन के संचालन से मेवाड़ सहित चित्तौड़गढ़ जिले के यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि यह स्पेशल रेलसेवा साप्ताहिक आधार पर 30 सितंबर से शुरू होकर 6 ट्रिप के रूप में चलेगी। जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 09623, उदयपुर सिटी–आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल हर मंगलवार को उदयपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन 30 सितम्बर से 4 नवंबर तक चलाई जाएगी। उदयपुर सिटी स्टेशन से यह ट्रेन शाम 4 बजकर 5 मिनट पर प्रस्थान करेगी और जयपुर स्टेशन पर रात 11 बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन 11 बजकर 20 मिनट पर जयपुर से आगे बढ़ेगी और गुरुवार सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर आसनसोल पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 09624, आसनसोल–उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल 2 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन हर गुरुवार सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर आसनसोल से रवाना होकर अगले दिन शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी और दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर प्रस्थान कर रात 9 बजकर 25 मिनट पर उदयपुर सिटी पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिए हैं। इनमें राणा प्रताप नगर, मावली, चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूण्डला, इटावा, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चितरंजन शामिल हैं। इस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुल 16 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें एक सेकंड एसी, तीन थर्ड एसी, एक थर्ड एसी इकोनॉमी, पांच द्वितीय शयनयान (स्लीपर), चार सामान्य श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा होगा। इस नई ट्रेन सेवा से चित्तौड़गढ़ जिले के यात्रियों को सीधा फायदा होगा। चंदेरिया स्टेशन पर ठहराव होने से यहां से पटना, गया, आसनसोल और झारखंड के कई शहरों के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा। अब तक चित्तौड़गढ़ के यात्रियों को बिहार और झारखंड की यात्रा के लिए जयपुर, अजमेर या उदयपुर जाना पड़ता था, लेकिन इस नई सुविधा से उन्हें लंबी दूरी की बस यात्रा या अतिरिक्त ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। त्यौहारों के सीजन में चित्तौड़गढ़ से बड़ी संख्या में यात्री अपने रिश्तेदारों से मिलने या धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बिहार और झारखंड जाते हैं। ऐसे में यह ट्रेन उनके लिए वरदान साबित होगी। रेलवे का यह फैसला यात्रियों को त्योहारों पर अतिरिक्त भीड़ से भी राहत देगा। सामान्य दिनों में ही उत्तर भारत और पूर्वी भारत के मार्गों पर ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन चलने से न केवल यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी, बल्कि यात्रा भी आरामदायक और समय पर पूरी हो सकेगी। त्यौहारों के मौसम में शुरू की गई यह उदयपुर–आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चित्तौड़गढ़ सहित पूरे मेवाड़ अंचल के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।


