नागौर में पीडब्लूडी, महिला बाल विकास व बाल अधिकारिता राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने नागौर प्रवास के दौरान मूण्डवा चौराहा स्थित निज आवास पर आमजन की समस्याएं सुनीं। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने ग्रामीणों से संवाद कर मौके पर ही समस्या समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन में ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखने की मांग की। इस पर राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने बताया कि नई ग्राम पंचायतों के गठन में ग्रामीणों की सुविधा व सुलभता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जनसुनवाई में झाड़ेली ग्राम पंचायत के रामपुरा बी के ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए भूमि आवंटन को लेकर ज्ञापन दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व पानी की सुचारू आपूर्ति, बारिश से क्षतिग्रस्त सडक़ों का नवीनीकरण करवाने, कटाणी रास्तों पर डामर सडक़ बनाने की मांग रखी। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि नागौर में बिजली व पानी की समस्या के समाधान के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने नहरी परियोजना के अधिशाषी अभियंता मोहनलाल कड़ेला को आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पानी की नियमित आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए। मैथी पता व सूखा साग व्यापार मंडल के हुकमीचंद टांक ने शुल्क हटाने की मांग की। टांक ने बताया कि सरकारी शुल्क लगने से व्यापारियों को परेशानी हो रही है। कृषि उपज मंड के मूलचंद भाटी ने कृषक टैक्स सहित मंडी व्यापारियों की समस्या का समाधान करवाने की मांग की। रातंगा के ग्रामीणों ने राज्यमंत्री डॉ. बाघमार का नागरिक अभिनंदन किया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे।


