नाथद्वारा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने व श्रीनाथजी मंदिर के तिलकायत की प्रेरणा एवं नगर पालिका प्रशासन के आह्वान पर नगर में आज प्लास्टिक मुक्त व जलाशय संरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर के बीच स्थित प्राचीन बड़ला वाली बावड़ी में व्यापक सफाई कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बावड़ी में चला विशेष सफाई अभियान प्लास्टिक मुक्त व जलाशय संरक्षण अभियान के तहत नगर के ऐतिहासिक बड़ला वाली बावड़ी को साफ किया गया। इस दौरान बावड़ी में जमा कूड़ा-करकट, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री को बाहर निकालकर जलाशय को स्वच्छ किया गया। सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने किया श्रमदान सफाई अभियान में श्रीनाथजी मंदिर की नागरिक सुविधा एवं सहयोग समिति के सदस्यों, नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन, जल संरक्षण समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मिलकर श्रमदान किया। जल संरक्षण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना और आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने जलाशयों को संरक्षित रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया। नगर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प इस अवसर पर नगर पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल, डॉ. बी.एल. जाट, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रवीण सनाढ्य, जलाशय संरक्षण समिति के तन्मय पालीवाल, नागरिक सुविधा समिति के तुलसीदास सनाढ्य सहित सामाजिक कार्यकर्ता और पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नाथद्वारा को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।


