राजसमंद जिले के नाथद्वारा नगर में रविवार अल सुबह बस स्टैंड पर ट्रेवल्स बस और रोडवेज बस की टक्कर हो गई। उदयपुर से नाथद्वारा आ रही ट्रेवल्स बस बेकाबू होकर खड़ी रोडवेज बस में जा घुसी। हादसे में बस स्टैंड पर चाय बेच रहे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई, जबकि दोनों बसों में सवार 17 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। उदयपुर से आ रही ट्रेवल्स बस हुई बेकाबू प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उदयपुर की ओर से नाथद्वारा आ रही ट्रेवल्स बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस स्टैंड पर पहले से खड़ी रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। चाय विक्रेता की मौके पर मौत हादसे के समय बस स्टैंड पर चाय बेच रहे कुंठवा निवासी मोहनसिंह बसों के बीच आ गए। टक्कर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड पर मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए। सत्रह से अधिक यात्री घायल टक्कर के बाद ट्रेवल्स और रोडवेज बस में सवार 17 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को नाथद्वारा के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हटवाया जाम, जांच शुरू सूचना मिलने पर श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


