नाबालिग और बिना लाइसेंस ऑटो चलाने वालों पर कार्रवाई हो:एबीवीपी ने रैली निकाली; कार्यकर्ता बोले- ओवरलोडिंग से हो सकता है हादसा

हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर में ओवरलोडिंग के खिलाफ रैली निकालकर प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने पीएम श्री कॉलेज से यातायात थाने तक रैली निकाली और नारेबाजी की। एबीवीपी हरदा ने विद्यालय की यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा। एबीवीपी के नगर मंत्री शुभम ढोके ने बताया कि नगर में नाबालिग वाहन चालक बिना लाइसेंस के दुपहिया वाहन चला रहे हैं। वहीं, स्कूलों में विद्यार्थियों को ले जाने वाले अनेक ऑटो चालक भी बिना लाइसेंस के ऑटो में ओवरलोडिंग कर रहे हैं। इससे हमेशा सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। परिषद ने अपनी सात सूत्रीय मांगों में ऑटो के बीमा, परमिट और लाइसेंस की जांच कर नियमानुसार स्कूली बच्चे बैठाने, जर्जर बसों को तत्काल बंद करने और स्कूली क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन रोकने की मांग की। इसके अतिरिक्त, वाहन चला रहे नाबालिग स्कूली छात्रों के परिजनों पर सख्त चालानी कार्रवाई, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई और तीन सवारी मोटरसाइकिल चलाने वाले स्कूली छात्रों के परिजनों पर भी कार्रवाई की मांग की गई। स्टंटबाजों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान दानेश, निकुंज, प्रद्युम्य, आभास, आर्यन, लिशिका, आकाश, विशाल, प्रीति, फाल्गुनी, विशाखा, रुद्र, रंजीत, मनीष, अभिषेक, माखन, विकास, अभिषेक राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *