बुरहानपुर जिले में बुधवार को 26 नवंबर संविधान दिवस मनाया गया। मुख्य आयोजन शहर के परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और शहरवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया, जिसके बाद एक फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ। बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने इस अवसर पर कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश के संविधान को स्वीकार किया गया था। संविधान सभा ने इसे दो साल 11 माह से अधिक समय में तैयार किया। उन्होंने बताया कि दुनिया का सबसे लंबा संविधान भारत में लागू है, जो हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। बीजेपी विधायक ने डॉ. अंबेडकर को किया नमन विधायक ने संविधान सभा के सदस्यों और डॉ. अंबेडकर को नमन किया, जिन्होंने हर व्यक्ति की चिंता करते हुए समानता का अधिकार प्रदान किया। समारोह में महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार, एडीएम वीर सिंह चौहान और जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। भाजपा और कांग्रेस ने भी अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान दिवस मनाया। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने बुधवार सुबह 10 बजे डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने और अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष ईश्वर चौहान सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। सुबह 11 बजे नगर कांग्रेस कमेटी ने भी बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टांक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। देखें कार्यक्रम के दौरान की तस्वीरें


