बूंदी की रायथल पुलिस ने एक नाबालिग पीड़िता को एक लाख रुपए में खरीदने और उसे बंधक बनाकर रेप करने के आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता 6 दिन पहले आरोपी के घर से मौका देखकर भाग निकली थी। घने जंगल मे होकर वह खटकड़ चौराहे पर पहुंची। जहां ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दस्तयाब किया था। रायथल एसएचओ सुरजीत सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के गुना जिले के एक गांव से पीड़िता की खरीद फरोख्त के सिलसिले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी सहायता और अन्य तरीकों से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 6 दिन पहले खटकड़ में एक पीड़िता को दस्तयाब किया था। जिसने बताया कि 4-5 दिन पहले मेरा मामा व दलाल अपने साथ लेकर आए व आरोपी को एक लाख रुपए में बेच कर चले गए। उसके बाद आरोपी ने उसे घर पर रख कर उसके साथ रेप किया और बंधक बना दिया। वह मौका पाकर घर से निकल कर पैदल-पैदल खटकड़ तक आई। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।


