मैहर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है। लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। यह मामला तब सामने आया जब नाबालिग लड़की के पिता ने मैहर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत में बताया कि एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मैहर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गोंडा क्षेत्र में देखा गया है। इस सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सीएसपी महेंद्र सिंह के निर्देश पर मैहर थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम तत्काल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने 30 नवंबर को नाबालिग लड़की को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके बाद उसे मैहर लाया गया, जहां न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसका बयान दर्ज किया गया। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनोद तिवारी (उम्र 29 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2), 65(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/2 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


