सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के कचनी मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़ोसी युवक पंकज सोनी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मोहल्ले में मारपीट और हंगामे की स्थिति दिख रही है। बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि कचनी मोहल्ले की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पड़ोसी पंकज सोनी ने उससे छेड़छाड़ की और पैसे का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। नाबालिग के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य और मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। आरोप है कि आरोपी द्वारा मारपीट किए जाने के बाद लोगों ने बीच-बचाव किया। इस दौरान आरोपी और मोहल्ले के लोगों के बीच हाथापाई भी हुई। इसी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज को भी साक्ष्य के तौर पर खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


