भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कुनकुरी नगर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पंजाब नेशनल बैंक के समीप एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पार करती हुई सीधे एक बंद दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का लोहे का शटर टूट गया और अंदर रखा कीमती सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में कार चला रहा नाबालिग घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। एनएच-43 किनारे स्थित एक मकान से लाल रंग की कार क्रमांक जेएच 10 वाई 4505 को पीछे की ओर निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चला रहे नाबालिग ने कार से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार में पीछे की ओर भागती कार ने पूरी सड़क पार की और दूसरी ओर स्थित एक बंद दुकान के शटर को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान का लोहे का शटर बुरी तरह मुड़ गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और कोई चपेट में नहीं आया। घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची व घायल नाबालिग को अस्पताल भिजवाया गया।


