जशपुरनगर| चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोस्कट निवासी मनोज कुमार यादव ने 6 जनवरी को चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 दिसंबर 2025 को उसके सरसों के खेत में लगे सोलर प्लेट के समर सिबल पंप के स्टार्टर (कीमत लगभग 25 हजार रुपये) की चोरी कर ली गई है। प्रार्थी ने संदेह जताया कि यह चोरी ग्राम हेठ सेमरा निवासी भूपेन्द्र राम एवं विनोद यादव ने की है और सामान बेच दिया है। रिपोर्ट के आधार पर चौकी पंडरा पाठ में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर दोनों संदिग्ध आरोपी भूपेन्द्र राम एवं विनोद यादव को पंडरा पाठ क्षेत्र में कार से घूमते हुए हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी किया गया पंप स्टार्टर ग्राम चुंदा पाठ निवासी उदय नाथ यादव को 4,000 रुपए में बेच दिया था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी उदय नाथ यादव के घर दबिश दी, जहां से चोरी किया गया समर सिबल पंप स्टार्टर बरामद कर लिया गया। चोरी का माल खरीदने के आरोप में उदय नाथ यादव को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पंप स्टार्टर तथा बिक्री से प्राप्त राशि में से 1,000 रुपए जब्त किए हैं।


