भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सरगुजिहा ठंड के तेवर कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। उत्तर पश्चिम की शुष्क हवाओं के कारण शहर सहित पूरे संभाग में कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। इस बीच दिन में तेज धूप से थोड़ी राहत तो मिल रही है, लेकिन सर्द हवा के प्रभाव से रात से लेकर सुबह दिन चढ़ते तक गलन जैसी ठंड पड़ रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को भी शहर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। यानी बीते चौबीस घंटे में इसमें सिर्फ 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अभी रात का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। इसी वजह से ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। मैदानी और पहाड़ी इलाकों में तो और ज्यादा स्थिति खराब है। कड़ाके की ठंड से जनजीवन पर असर पड़ रहा है। इधर, इससे अभी ज्यादा राहत की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन चार दिन में तापमान 6 से 7 डिग्री तक जा सकता है। इसके बाद फिर इसमें गिरावट दर्ज की जाएगी।


