बैकुंठपुर |कोरिया जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर स्थिति ग्राम पंचायत पतरापाली में भतीजे ने अपनी ही बड़ी मां शांति बाई (65 वर्ष) पर कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी भतीजा सुखनंदन और मृतका के बीच पारिवारिक विवाद या आपसी कहासुनी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी नाराज़गी और गुस्से में भतीजे ने कुदाल से हमला कर अपनी बड़ी मां की हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद सुखनंदन स्वयं सिटी कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


