भास्कर न्यूज | सोनहत कोरिया जिले के रामगढ़ रेंज के ग्राम सिंघोर में 19 मार्च की शाम करीब 4-5 बजे एक नाबालिग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार वह खेत से लौट रहा था। टेढ़ीया बांध के पास रामगढ़ पार्क परिक्षेत्र की गाड़ी में आए 4-5 कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज की। जंगल में आग लगाने का आरोप लगाकर धक्का देकर गाड़ी में बैठा लिया, फिर रामगढ़ पार्क ऑफिस ले गए। वहां कर्मचारियों ने लात-घूंसों से उसे खूब पीटा। जमीन पर पटककर तलवों पर डंडे से वार किया। जबरदस्ती 10 गिलास पानी पिलाने की बात कही। पीड़ित लगातार गुहार लगाता रहा कि वह खेत से लौट रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। पूरी रात उसे बंधक बनाकर रखा गया। घरवाले रातभर उसे खोजते रहे। दूसरे दिन सुबह करीब 9 बजे सिंघोर लाकर छोड़ दिया गया। परिजन ने रामगढ़ चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह ने घटना को शर्मनाक बताया। कहा, बिना सबूत किसी सजा देना अमानवीय है। दोषियों पर एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। रामगढ़ चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


