मैहर के बदेरा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने महज तीन दिन में गुम हुई नाबालिग को गुजरात के वडोदरा से बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 25 नवंबर को तब सामने आया जब फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 साल 7 महीने की नाबालिग बेटी घर से बिना बताए चली गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर नाबालिग की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। पुलिस टीम ने 28 नवंबर को नाबालिग को वडोदरा (गुजरात) से बरामद किया। नाबालिग ने अपने बयान में बताया कि आरोपी युवक ने उसे शादी का झांसा देकर बहलाया-फुसलाया और उसके साथ गलत संबंध बनाए। पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह, एएसपी डॉ. चंचल नागर और सीएसपी महेंद्र सिंह के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी बदेरा निरीक्षक अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने पहले दर्ज प्रकरण में धारा 64(2)(m), 96 बीएनएस के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 5(L), 6 भी जोड़ दी हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश वादी (उम्र 19 वर्ष), पिता रमन भाई वादी, निवासी ग्राम जूना केशराना मुवाडा, थाना डेशर, जिला वडोदरा (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक सिंह परिहार, सउनि गंगादीन वर्मा, सउनि रमेश प्रसाद ओझा, प्र.आर. मनीष लारिया, आर. सुशील कुमार, गजराज सिंह, दिलीप ओझा, म.आर. पूर्णिमा सिंह, संदीप सिंह परिहार और सुशील द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


