नामकुम | नामकुम स्थित सदाबहार चौक कार्यालय में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद झारखंड की बैठक की गई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर नारायण प्रसाद ने की। बैठक में बांग्लादेश में 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास की हुई निर्मम हत्या पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। अखिल भारतीय ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन के स्टेट चीफ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में मानवाधिकारों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। दीपू चंद्र दास की हत्या इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि मानवता की हत्या है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया जाना अत्यंत चिंताजनक है। सूबेदार मेजर नारायण प्रसाद ने कहा कि देश के सभी पूर्व सैनिक भारत सरकार के हर निर्णय के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बांग्लादेश में इस प्रकार की घटनाओं के पीछे चीन और पाकिस्तान की साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में इस घटना के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जा रहा है। बैठक में सूबेदार मनोज कुमार राय, सूबेदार मेजर धनेश चंद्र वर्मा, सूबेदार सत्यपाल सिंह, कैप्टन चंदन बास्की, नायक सूबेदार विश्वजीत कुमार, हवलदार अरुण प्रसाद, हवलदार अनंत सिंह, सूबेदार ऋषिकेश कुमार, सूबेदार देवराज पासवान, नीरा देवी, सुजाता देवी, सूबेदार अखिलेश सिंह, अनिल सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।


