नामकुम में लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे फुट ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। नामकुम रेलवे स्टेशन से आगे बिशप वेस्टकॉट स्कूल के सामने प्रस्तावित इस पब्लिक फुट ओवर ब्रिज को लेकर रांची रेल मंडल द्वारा तैयार प्रस्ताव पहले ही रेलवे मुख्यालय को भेजा जा चुका है। वर्तमान में यह रेलवे बोर्ड के स्तर पर विचाराधीन है। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ के अनुसार, परियोजना को एक महीने के भीतर स्वीकृति मिल जाएगी, जिसके बाद निर्माण संबंधी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ेंगी। अभी स्थानीय लोगों को नामकुम बाजार जाने के लिए लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। स्टेशन के दूसरी ओर स्थित बिशप वेस्टकॉट स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र प्रतिदिन ट्रैक के बीच से होकर आवाजाही करते हैं। इसके अलावा स्थानीय व्यापारी और सेना कैंप के जवान भी नामकुम मुख्य बाजार और दुर्गा सोरेन चौक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। इस फुट ओवरब्रिज के बनने से करीब 20 हजार स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। निर्माण के लिए आवश्यक भूमि में लगभग 20% बिशप वेस्टकॉट स्कूल की है, जो विद्यालय प्रबंधन देने को सहमत है। फुट ओवरब्रिज के निर्माण में कोई अड़चन नहीं : संजय सेठ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि इस पुल के निर्माण की मांग उन्होंने पहले ही उठाई थी, जिस पर अब ठोस कार्रवाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ब्रिज निर्माण में आ रही जमीन से जुड़ी समस्या का समाधान कर लिया गया है। बिशप वेस्टकॉट स्कूल की आवश्यक भूमि रेलवे को उपलब्ध करा दी गई है। संजय सेठ ने जानकारी दी कि इस विषय में उन्होंने राज्य के खेल मंत्री और दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से बातचीत की थी, जिसके बाद परियोजना को स्वीकृति मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब फुट ओवरब्रिज के निर्माण में कोई अड़चन नहीं है। प्लेटफॉर्म में जाने के लिए नया फुट ओवरब्रिज जल्द होगा पूरा इधर, रेलवे सूत्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए नामकुम रेलवे स्टेशन के अंदर भी एक और फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द ही पूरा होगा। निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो गया है, सिर्फ फिनिशिंग के कुछ काम बचे हैं। फुट ओवरब्रिज से फायदे फुट ओवरब्रिज की मांग स्थानीय निवासी 15 वर्ष से कर रहे हैं। कई बार ट्रैक पार करने के दौरान दुर्घटना भी हुई है। ये दुर्घटनाएं नहीं होंगी। जोरार, तेतरी टोली, आरा गेट, एक्स आर्मी कॉलोनी के करीब 20 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों को अभी ढाई किमी. चल कर नामकुम बाजार जाना पड़ता है। पुल बन जाने के बाद दूरी घटकर 400 मीटर रह जाएगी। स्कूल के बच्चे-पैरेंट्स रेलवे ट्रैक क्रॉस करके जाते हैं। खड़ी ट्रेन के नीचे से भी पार होते हैं, इससे मुक्ति मिलेगी। स्टेशन से बिशप वेस्टकॉट स्कूल की दूरी 200, मिलिट्री कैंटीन 300 और मिलिट्री अस्पताल की दूरी 500 मीटर है।{फुट ओवरब्रिज बनाने में रेलवे की 80% जमीन का उपयोग होगा, 20% जमीन बिशप वेस्टकॉट स्कूल से ली जा रही है। नामकुम स्टेशन बिशप स्कूल की ओर यहां से बनेगा


