महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नांगल चौधरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे नंबर 148 बी पर रात को एक पिकअप सड़क पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। इस हादसे में पिकअप ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक राजस्थान के जयपुर का रहने वाला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने नारनौल के नागरिक अस्पताल से शव का पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों के अनुसार राजस्थान के जयपुर जिला के बिदारा निवासी 42 वर्षीय बिहारीलाल यादव कई वर्षों से पिकअप गाड़ी पर ड्राइवर का काम करता था। परिजनों को सूचना मिली कि नांगल नुनिया के पास सड़क पर बिहारीलाल की पिकअप एक कंटेनर से टकरा गई है। सूचना मिलते ही मृतक का बड़ा भाई राजेंद्र कुमार यादव अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचा। परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायल बिहारीलाल को सरकारी अस्पताल नांगल चौधरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई ने दी थाने में शिकायत राजेंद्र यादव ने थाना नांगल चौधरी में दी शिकायत में आरोप लगाया कि कंटेनर को उसके चालक ने सड़क के बीचों-बीच बिना रिफ्लेक्टर और बिना इंडिकेटर लगाए खड़ा कर रखा था। खराब तरीके से खड़े कंटेनर के कारण ही पिकअप पीछे से टकराई और यह हादसा हुआ। परिजनों ने कंटेनर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं नांगल चौधरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


