आर्थिक रूप से कमजोर विधवा, वृद्ध और दिव्यांग को केंद्र सरकार से मिलने वाली पेंशन योजना की राशि नवंबर 2024 से नहीं मिली है। जिस कारण वृद्धों, विधवा और दिव्यांग के पेंशन लाभुकों में निराशा के भाव हैं। वर्तमान में नारायणपुर ब्लॉक अंतर्गत उपरोक्त योजना में कुल 8533 लाभुक हैं। जिन्हें प्रतिमाह 1000 रुपए की सहायता राशि पेंशन के रूप में दी जाती है। पर पांच महीने से वृद्धावस्था पेंशन के लाभुकों के समक्ष परेशानी खड़ी हो गई है। पेंशन की आस लिए क्षेत्र के लाभुक ब्लॉक और बैंक का चक्कर काटकर परेशान हैं। ये इसलिए कि उन्हें पेंशन की राशि से कुछ हद तक सहायता मिल जाती है। पेंशन की राशि से जरूरत के कुछ सामानों की इन्हें हर महीने आवश्यकता पड़ती है। इस विषय पर शंकरपुर के लाभुक विजय पंडित ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन की आस में वे अपना दवाई नहीं खरीद पा रहे हैं। लगातार बैंक और ब्लॉक के चक्कर लगाकर परेशान हैं। वहीं बैंक कर्मियों की मानें तो इस योजना मद में राशि अभी तक केंद्र सरकार ने नहीं भेजी है। पबिया में पिछले 4 महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने से पेंशन पर आश्रितों को जीवन यापन में काफी दिक्कत हो रही है। सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाली वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन भी 5 महीने से नहीं मिली है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिलने से लोगों को जीवन यापन में मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लंबित पेंशन की राशि एक मुश्त भुगतान करने की मांग वृद्धावस्था पेंशन के गुलाब सिंह, शिवलाल सिंह ,गोलक बिहारी,बुधनी देवी , सुधीर मंडल,सहित कई लोगों ने कहा कि पेंशन की राशि से महीने थोड़ा बहुत खर्च दवा पानी का निकल जाता था। बैंक और ब्लॉक का चक्कर लगाकर हम लोग थक चुके हैं। पेंशन नहीं मिलने से आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। उपरोक्त लोगों ने जिला प्रशासन से पेंशन का एक मुश्त भुगतान की मांग की है। प्रखंड में किस पेंशन योजना के कितने लाभुक हैं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में 7753 लाभुक हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 630 लाभुक हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना में 150 लाभुकों को पिछले 4 महीने से पेंशन नहीं मिली है।


