रांची के सीबीएसई बोर्ड के स्कूलों में 11 क्लास के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख स्कूलों में 11वीं क्लास के लिए एडमिशन फॉर्म जारी कर दिया गया है। इसके माध्यम से 11वीं क्लास में साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स स्ट्रीम नामांकन लिया जाएगा। आवेदन फॉर्म ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड पर प्राप्त कर सकेंगे। डीपीएस रांची, जेवीएम श्यामली, डीएवी ग्रुप के स्कूलों सहित अन्य स्कूलों में एडमिशन फॉर्म जारी कर दिया गया है। कुछ स्कूलों में बोर्ड परीक्षा के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिरायालाल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल नीरज सिन्हा ने बताया कि 11वीं क्लास में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ताकि समय से क्लास शुरू हो सके। 10वीं व 11 वीं के बीच सिलेबस के गैप को दूर करने के लिए ब्रीज कोर्स भी चलाया जाएगा। बताते चलें सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होने वाली है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्कूलों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डायरेक्ट एडमिशन के लिए रखीं जाएंगी सीटें स्कूलों में टेस्ट और प्री बोर्ड परीक्षा के अंक के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन लिया जाएगा। अपने स्कूल के स्टूडेंट्स का प्रोविजलन एडमिशन प्री बोर्ड के अंक के आधार पर लिया जाएगा। वहीं दूसरे स्कूल के स्टूडेंट्स के लिए एंट्रेस टेस्ट का आयोजन किया जाएगा । एंट्रेंस टेस्ट और प्री बोर्ड में प्राप्त अंक के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन के लिए लिस्ट निकाली जाएगी। 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद जब छात्र स्कूल प्रबंधन की ओर से तय किए गए न्यूनतम अंक प्रतिशत प्राप्त कर लेंगे तब उनकी सीट कंफर्म की जाएगी। वहीं कुछ सीटें डायरेक्ट एडमिशन के लिए रखी जाएंंगी। जिसमें बोर्ड में प्राप्त अंक के आधार पर नामांकन लिया जाएगा।


