सिरोही में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित को भाजपा प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर स्वागत किया। वरिष्ठ नेताओं ने फूल मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिरोही जिले को प्रदेश नेतृत्व में प्रतिनिधित्व देकर सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुरोहित जिले की जन समस्याओं को प्राथमिकता से शासन तक पहुंचाएंगे और उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। नवनियुक्त प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित ने इस दायित्व के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी ईमानदारी और समर्पण से निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करेंगे। पुरोहित ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प दोहराते हैं।ज्ञात हो कि पुरोहित का राजनीतिक जीवन जनसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा है। उन्होंने सदैव पार्टी के सिद्धांतों को अपनाते हुए अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की विचारधारा पहुंचाने का कार्य किया है। पुरोहित तीन बार सिरोही भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और कई जिलों में प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।


