जब भी कश्ती मेरी सैलाब में आ जाती है, मां दुआ करती हुई ख्वाब में आ जाती है। घेर लेने को जब भी बलाएं आ गईं, ढाल बनकर मां की दुआएं आ गईं। मशहूर शायर मुनव्वर राणा का यह शेर वास्तव में मां शब्द की शक्ति बयां करता है। बच्चा कैसा भी हो और किसी भी खराब हालात में हो, मां की दुआएं उसे हरेक बला से बचा लेती है। मां अंतिम सांस तक अपने बच्चों के लिए ढाल बनकर खड़ी रहती है। इसका जीता-जागता उदाहरण हैं लालपुर के लोअर वर्द्धमान कंपाउंड निवासी सुबोदीप पाल की मां अबिरा पाल। एक सरकारी बैंक में बड़े ओहदे पर कार्यरत सुबोदीप 7 साल पहले कर्नाटक के बैंक में कार्यरत थे। दर्द निवारक दवा अधिक लेने से उनकी दोनों किडनियां खराब हो गईं। मां अबिरा पाल ने बेटे की जिंदगी बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कई डॉक्टरों से संपर्क किया। बेटे को लेकर वेल्लोर पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने बताया किडनी ट्रांसप्लांट कराना होगा। मां अपनी किडनी देने के लिए तैयार हो गईं। सभी जांच हुई। लेकिन डॉक्टरों ने यह कहते हुए किडनी लेने से इंकार कर दिया कि उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ है, ऐसे में किडनी नहीं ली जा सकती। निराश होकर अबीर पाल रांची लौट आईं। इसके बाद सुबोदीप की स्थिति बिगड़ने लगी तो डायलिसिस शुरू हो गया। लेकिन मां हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पूरे एक वर्ष तक खान-पान में संयम बरता। मीठा खाना बंद कर दिया। इसके बाद वर्ष 2020 में बेटे को लेकर दिल्ली स्थित एक बड़े अस्पताल पहुंची। वहां करीब 28 तरह के टेस्ट हुए। सब कुछ सामान्य रहने पर मां की किडनी निकाल कर बेटे में ट्रांसप्लांट किया गया। करीब दो माह तक दिल्ली में रहने के बाद बेटे को सुरक्षित लेकर मां रांची पहुंचीं। जब बेटा पूरी तरह स्वस्थ हुआ तब कराई शादी, 6 माह पहले घर में गूंजी किलकारी सुबोदीप पाल की मां अबिरा पाल ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट कराने से पहले काफी परेशानी हुई। बिचौलिए पीछे पड़ गए थे, लेकिन सभी जगह स्वयं गई। डॉक्टरों से संपर्क करके किडनी ट्रांसप्लांट कराया। बेटा पूरी तरह स्वस्थ हो गया, तब जाकर वर्ष 2023 में बेटे की शादी कराई। घर में बहू आने से परिवार में खुशियां लौट आईं। छह माह पहले सुबोदीप पिता बने। घर में नन्ही बच्ची का आगमन हुआ तो परिवार के सभी सदस्य खुशी से झूम उठे। अबीर पाल ने बताया कि घर में पोती के आने से हमलोगों को जीवन का मकसद मिल गया। बेटा, बहू और पोती को देखने भर से अपना सारा दर्द भूल जाती हूं। कैसे खराब हुई किडनी… मई 2018 में अचानक सुबोदीप के पैर के अंगूठे में दर्द उठा। दर्द की दवा लेने लगे। कुछ ही दिन बाद चेहरे में सूजन आने लगा। परेशानी बढ़ी तो रांची आ गए। डॉक्टर ने बताया कि उनकी दोनों किडनी डैमेज हो गई है, किडनी ट्रांसप्लांट होने पर ही बच सकते हैं। घर का इकलौता बेटा व पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाला बीमार पड़ गया तो मां-बाप के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


