नार्को टेस्ट से पहले मर्डर के नामजद आरोपी की हत्या:खेत में लहूलुहान मिली बॉडी; पैर फैक्चर, सिर-कान पर धारदार हथियार से वार के निशान

नार्को टेस्ट से 2 दिन पहले मर्डर के नामजद आरोपी की हत्या हो गई। 65 साल का आरोपी किसान खेत में रखवाली के लिए गया था। रात में वहीं सो गया। सुबह जब उसका बेटा खेत में पहुंचा तो लहूलुहान बॉडी मिली। सिर और कान पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। पैर फ्रैक्चर था। मामला जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना इलाके के एलाना गांव का है। शव मंगलवार सुबह 7 बजे मिला था। डीएसपी गौतम जैन ने बताया- ऐलाना गांव निवासी तेजाराम चौधरी (65) पुत्र सुरथाराम खुद मर्डर के मामले में नामजद आरोपी था। दो दिन बाद उसका नार्को टेस्ट होने वाला था। इससे पहले ही उसकी हत्या हो गई। खेत की रखवाली करने गया था, लाश मिली तेजाराम ने गांव के ही रहने वाले डॉ. जुगराज के खेत बंटाई पर ले रखे थे। उसके घर से खेत की दूरी 600 मीटर है। वह सोमवार शाम 4 बजे खेतों की रखवाली करने निकला था। रात को खेत में बने टिनशेड के नीचे सो गया। मंगलवार सुबह 7 बजे तेजाराम का बेटा खेत में पहुंचा तो वहां पिता की लहूलुहान लाश देखी। उसने बिशनगढ़ थाना पुलिस को फोन पर सूचना दी और परिवार व गांव वालों को जानकारी दी। मर्डर की सूचना पर बिशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जालोर से डीएसपी गौतम जैन भी पुलिस जाब्ता लेकर पहुंचे। मौके पर FSL टीम को बुलाया गया और सबूत जुटाए गए। बॉडी को मांडवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। 8 जनवरी को हुई थी चरवाहे की हत्या डीएसपी गौतम जैन ने बताया- तेजाराम चौधरी हत्या के एक मामले में नामजद था। बिशनगढ़ थाने में 8 जनवरी को ऐलाना गांव के चरवाहे बूटाराम की हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। इसमें तेजाराम चौधरी भी नामजद था। बूटाराम और तेजाराम मिलकर खेत बंटाई पर लेते थे। 22 दिसंबर को बूटाराम अचानक लापता हो गया था। 23 दिसंबर को उसके परिवार के लोगों ने बिशनगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद 8 जनवरी को बालोतरा के तेलवाड़ा गांव में बूटाराम का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। बूटाराम की चप्पलें ऐलाना गांव (जालोर) में तेजाराम चौधरी के खेत में मिली थी। ऐसे में तेजाराम को भी हत्या में नामजद आरोपी बनाया गया था। दो दिन बाद तेजाराम का इस मामले में नार्को टेस्ट होना था। ऐसे में इस मर्डर ने मौत की गुत्थी को उलझा दिया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है। यह खबर भी पढ़ें युवक का शव टुकड़ों में था, हाथ-पैर कटे हुए थे:परिजन बोले- पुरानी रंजिश के कारण उसकी हत्या हुई; 5 दिन बाद भी हत्यारे फरार जालोर के तेलवाड़ा गांव में 8 जनवरी को क्षत- विक्षत हालत में मिले शव के हत्यारों को 5 दिन बाद भी पुलिस पकड़ नहीं पाई है। शव के साथ बर्बरता की गई थी, उसके दोनों हाथ-पैर कटे हुए थे। एक हाथ का पंजा अलग था, जबकि शव को भी जलाने का प्रयास किया गया था। परिजनों ने मृतक बूटाराम की हत्या की आशंका जताते हुए बिशनगढ़ थाने में रिपोर्ट दी थी। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *